अफगान बलों ने मार गिराए 69 तालिबान आतंकी

काबुल, 08 जुलाई। अफगान वायु सेना द्वारा समर्थित राष्ट्रीय सेना कमांडो सहित अफगान राष्ट्रीय रक्षा और सुरक्षा बलों (ANDSF) ने बुधवार को काला-ए-नाव में कई स्थानों पर आतंकवादियों के समूह को निशाना बनाया। अफगानिस्तान के बडगीस प्रांत के काला-ए-नाव शहर से आतंकवादियों को खदेड़ने दौरान कम से कम 69 तालिबान आतंकवादी मारे गए और 23 घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अफगान सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई शुरू करने से पहले भारी हथियारों से लैस तालिबानी आतंकवादियों ने बुधवार को शहर पर धावा बोल दिया और शहर पर कब्जा कर लिया।
एएनडीएसएफ ने कुछ आतंकवादियों के हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए हैं। रिइंफोर्समेंट भेजा गया और बुधवार रात और अफगान नेशनल आर्मी कमांडो काला-ए-नाव पहुंचे। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई अब जोरों पर है और शहर में स्थिति बेहतर हो रही है। अफगानिस्तान की सेना ने पश्चिमी बदगीस प्रांत के काला-ए-नाव शहर पर तालिबान के कब्जे के बाद कुछ ही घंटों में नियंत्रण हासिल कर लिया है। बुधवार को देश के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी गी। समूह द्वारा पड़ोसी जिलों पर कब्जा करने के बाद तालिबान ने बगदीश प्रांत के केंद्रीय शहर पर नियंत्रण हासिल कर लिया था।
जब प्रांतीय राजधानी तालिबान के हाथों में आ गई। खामा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि एएनडीएसएफ ने पिछले 24 घंटों में जमीनी हवाई अभियानों में छह सौ से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है। बता दें कि विदेशी सेनाओं के युद्धग्रस्त देश से पीछे हटना शुरू करने के बाद से देश में हिंसा में वृद्धि देखने को मिली है। तालिबान ने अफगान सरकार के खिलाफ अपना आक्रमण तेज कर दिया है। तालिबान ने देश भर के कई जिलों पर नियंत्रण कर लिया है। एक अमेरिकी खुफिया आकलन में कहा गया है कि अमेरिकी सेना के पूरी तरह से वापसी के महीनों के भीतर देश पर आतंकवादी समूह का कब्जा हो सकता है।