प्रधानमंत्री से मिलने मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह पहुंचे दिल्ली
भोपाल, 15 जून। कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री राज्य में कोरोना वायरस महामारी को लेकर प्रदेश सरकार के अब तक के किए गए प्रयासों और वैक्सीनेशन की जानकारी प्रधानमंत्री को देंगे। इस दौरान राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री मंगलवार देर शाम दिल्ली पहुंच गए हैं।
शिवराज सिंह बुधवार को प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा से भी मुलाकात करेंगे। भोपाल से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा- भारत की गरीब जनता का कल्याण PM नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है, कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से सामाजिक सुरक्षा का एक ऐसा मजबूत कवच बनाया गया है, जो गरीबों के लिए वित्तीय स्वतंत्रता के नए रास्ते खोलता है।