दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र को 490 मीट्रिक टन ऑक्सीजन दिल्ली को आपूर्ति करने के निर्देश दिए

नई दिल्ली, 02 मई।  दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार को राजधानी में ऑक्सीजन की किल्लत पर सुनवाई के दौरान केंद्र की फटकार लगाई। दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को 490 मीट्रिक टन आवंटित ऑक्सीजन दिल्ली को आज ही आपूर्ति करने के निर्देश दिए। इसमें विफल रहने पर कोर्ट केंद्र के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई कर सकती है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई सोमवार को तय की है। गौरतलब है कि दिल्ली के बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने की वजह से 8 कोरोना मरीजों को जान गंवानी पड़ी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से आठ लोगों की मौत का संज्ञान लेते हुए सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि पानी अब सिर से ऊपर चला गया है अब हमें काम से मतलब है। अब आपको (केंद्र सरकार) हर चीज की व्यवस्था करनी होगी। अगर ये काम पूरा नहीं होता है तो DPIIT के सचिव को अगली सुनवाई में अदालत के सामने हाजिर होना पड़ेगा।
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बत्रा अस्पताल की तरफ से बताया गया कि एक घंटे से भी ज्यादा समय तक ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं थी, इस वजह से 8 कोरोना मरीजों की मौत हो गई, मरने वालों में डॉक्टर भी शामिल है अस्पताल ने बताया कि अस्पताल में 307 मरीज भर्ती हैं इनमें से 230 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। दिल्ली स्थित बत्रा अस्पताल में शनिवार को गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी विभाग के प्रमुख सहित आठ कोरोना संक्रमित मरीजों की ऑक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। डॉक्टर एस सी एल गुप्ता ने बताया कि पांच अन्य गंभीर मरीजों को बचाने के प्रयास किये जा रहे हैं।