वैक्सीन को मिली मंजूरी बाजार में आई तेजी: सेंसेक्स पहली बार 48000 के पार खुला
मुंबई, 4 जनवरी। भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) की दो वैक्सीन को मिली मंजूरी की खबर से आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई। बीएसई सेंसेक्स ने पहली बार 48000 का आंकड़ा पार किया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 236.65 अंक (0.49 फीसदी) ऊपर 48,105.63 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.53 फीसदी (74.40 अंक) ऊपर 14,092.90 के स्तर पर खुला। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 895.44 अंक यानी 1.90 फीसदी मजबूत हुआ था। आज 1374 शेयरों में तेजी आई और 223 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 50 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
एशियाई बाजारों में भी आज तेजी का रुख अपनाया। हंगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 172 अंकों (0.63 फीसदी) की बढ़त के साथ 27,404 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 18 अंक ऊपर 3,491 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, जापान का निक्केई इंडेक्स 199 अंक (0.73 फीसदी) नीचे 27,444 पर कारोबार कर रहा है।
दिग्गज शेयरों की बात करें, शुरुआती कारोबार के दौरान रिलायंस के अतिरिक्त सभी कंपनियों के शेयर हरे निशान पर खुले। इनमें मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एम एंड एम, बजाज ऑटो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, टीसीएस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, आदि शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, पीएसयू बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।