फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग खत्म, करीना ने आमिर के साथ साझा की तस्वीर

मुंबई 15,अक्टूबर।. कोरोना काल की वजह से कई फिल्मों की शूटिंग बीच में रुक गई थी। इन्हीं में से एक फिल्म थी ‘लाल सिंह चड्ढा’। अनलॉक की प्रक्रिया जब शुरू हुई तो आमिर खान अपनी टीम के साथ पहले इटली गए उसके बाद बाकी बची शूटिंग उन्होंने भारत में ही की। करीना कपूर ने फोटो साझा कर बताया कि फिल्म की शूटिंग खत्म हो गई है।
इसके साथ करीना ने एक तस्वीर भी साझा की है जिसमें वो आमिर खान के साथ खेतों में बैठी हुई हैं। तस्वीर के साथ करीना कपूर ने लिखा- ‘और हर सफर का एक अंत होता है। आज, मैंने अपनी फिल्म “लाल सिंह चड्ढा” की शूटिंग पूरी कर ली। मुश्किल समय, महामारी, प्रेग्नेंसी, नर्वसनेस लेकिन जिस जुनून के साथ हमने शूटिंग की है उसे कुछ नहीं रोक सकता और वह भी सभी सुरक्षा उपायों के साथ।‘ इसके साथ करीना ने आमिर खान, निर्देशक अद्वैत चंदन और टीम के अन्य सदस्यों का शुक्रिया किया। 23 सितंबर को करीना कपूर, पति सैफ अली खान और बेटे तैमूर के साथ गुरुग्राम स्थित पटौदी पैलेस पहुंची थीं। करीना यहीं से शूटिंग स्थल पर जाती थीं। बताया जा रहा है कि करीना 20 अक्तूबर तक पैलेस में रहेंगी और यहीं 16 अक्तूबर को शादी की वर्षगांठ भी मनाएंगी।
बता दें कि करीना अभी प्रेग्नेंट हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा था कि वो फिल्म की बाकी बची शूटिंग कैसे करेंगी। वैसे तो उनके हिस्से की काफी शूटिंग पहले ही हो चुकी थी। बाद में ये जानकारी आई कि बाकी बचे शूट में उनका बेबी बंप स्क्रीन पर ना दिखे इसके लिए वीएफएक्स की मदद ली जाएगी। फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ हॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘फॉरेस्ट गम्प’ की आधिकारिक रीमेक है। फिल्म की कहानी के बहाने देश में पिछले 70 साल में आए बदलाव की झलकियां दिखाने का आमिर का इरादा है। फिल्म की हिंदी स्क्रिप्ट चर्चित अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने लिखी है। ‘लाल सिंह चड्ढा’ पहले इसी साल क्रिसमस पर रिलीज होने वाली थी लेकिन अचानक से हुई विश्वव्यापी बंदी की वजह से इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। अब यह 2021 के क्रिसमस पर रिलीज होगी।