कोरोनाग्रस्त ट्रंप को अस्पताल से मिली छुट्टी, व्हाइट हाउस पहुंचते ही उतार मास्क

वॉशिंगटन.06,अक्टूबर। वैश्विक महामारी कोरना वायरस (कोविड-19) का इलाज करा रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अस्पताल से व्हाइट हाउस पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि ट्रंप पूरी तरह से कोरोना से ठीक नहीं हो पाए हैं, मगर उनकी तबीयत में काफी सुधार हुआ है। इसी वजह से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उधर, व्हाइट हाउस पहुंचते ही मास्क उतारकर राष्ट्रपति ट्रंप ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वे पूरी तरह से ठीक हो गए, जबकि उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उनके पूरी तरह से ठीक नहीं होने की बात कही है। डॉक्टरों ने यह भी कहा है कि व्हाइट हाउस में ही उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती रहेगी। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने बताया था कि वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में तीन रात गुजारने के बाद ट्रंप छुट्टी के लिए आतुर थे। डॉक्टरों की टीम ने पाया कि राष्ट्रपति ट्रंप को वापस घर भेजा जा सकता है और वह वापस जाने के लिए पूरी तरह से फिट हैं। डोनाल्ड ट्रंप को शुक्रवार को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी मेलानिया भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने से पहले ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था, ‘मैं आज शाम 6.30 बजे अस्पताल से निकलूंगा। मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है और आप इसे अपने जीवन पर हावी ना होने दें’।
ट्रंप ने उससे पहले ट्विटर पर डाले एक वीडियो संदेश में कहा था कि चुनाव जीतने और अपना काम पूरा करने के लिए उन्हें जल्द लौटना है। राष्ट्रपति ने कहा कि वह वायरस से लड़ रहे हैं और उम्मीद जताई थी कि वह उसे हरा देंगे। उन्होंने कहा था कि उन्हें जो उपचार मिल रहा है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है।