पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन आई गिरावट

नई दिल्ली 15, सितंबर। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कटौती की है। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का मूल्य 17 पैसे घटकर 81.55 रुपये प्रति लीटर पर आ गया। कोलकाता और मुंबई में भी यह 17-17 पैसे सस्ता हुआ। एक लीटर पेट्रोल कोलकाता में 83.06 रुपये और मुंबई में 88.21 रुपये का बिका। चेन्नई में यह 15 पैसे सस्ता होकर 84.57 रुपये प्रति लीटर रह गया। डीजल की कीमत दिल्ली और कोलकाता में 22-22 पैसे कम होकर क्रमश: 72.56 रुपये और 76.06 रुपये प्रति लीटर रही। मुंबई में डीजल 24 पैसे सस्ता होकर 79.05 रुपये और चेन्नई में 21 पैसे सस्ता होकर 77.91 रुपये प्रति लीटर के भाव बिका। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।