मानसून सत्र: लोकसभा में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को दी गई श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 14 सितंबर। संसद के मॉनसून सत्र की आज से शुरुआत हुई है। कोरोना महामारी के कारण इस बार के सत्र में कई बदलाव किए गए हैं। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही इस बार अलग-अलग चलेगी। वहीं, इस बार प्रश्नकाल भी नहीं होगा। वहीं, एलएसी पर चीन के साथ जारी तनाव और कोरोना महामारी के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। आज राज्यसभा में उपसभापति का चुनाव भी है। मुकाबला हरिवंश और मनोज झा के बीच है। हरिवंश एनडीए के उम्मीदवार हैं तो मनोज झा विपक्ष की ओर से मैदान में हैं।
मानसून सत्र की शुरूआत पर पूर्व राष्ट्रपति स्व. श्री प्रणब मुखर्जी जी, कन्याकुमारी संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री एच. वसंत कुमार जी, विख्यात गायक पं. जसराज जी तथा दिवंगत पूर्व सांसदों को सदन की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला ने पूर्व राष्ट्रपति स्व. श्री प्रणब मुखर्जी जी का जिक्र करते हुए कहा कि वह एक सफल वक्ता और प्रशासक थे। उनका ज्ञान और अनुभव अद्वितीय था।