NDA उम्मीदवार हरिवंश नारायण सिंह लगातार दूसरी बार चुने गए राज्यसभा में उपसभापति

नई दिल्ली, 14 सितंबर। राज्यसभा सांसद और जनता दल के नेता हरिवंश नारायण सिंह को दोबारा राज्यसभा का उपसभापति चुना गया है। विपक्ष की ओर से राजद नेता मनोज कुमार झा और एनडीए से जदयू नेता हरिवंश के बीच कांटे की टक्कर थी। हरिवंश नारायण के उपसभापति चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन में कहा कि मैं हरिवंश जी को उपसभापति चुने जाने के लिए बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि एक पत्रकार और समाजसेवी होने के नाते उन्हें बहुत लोग पसंद करते हैं। हम सभी ने देखा है कि उन्होंने पहले भी संसद की कार्यवाही किस तरह से चलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यसभा के उपाध्यक्ष के रूप में हरिवंश नारायण सिंह के चुनाव के बाद कहा कि ”हरिवंश जी ने संसद में उत्पादकता बढ़ाने और सकारात्मकता बढ़ाने के प्रयास किए हैं।
वह लोकतंत्र की मशाल लेकर चलते हैं, वह बिहार से हैं जो कि एक ऐसी भूमि जो अपने लोकतांत्रिक लोकाचार के लिए जानी जाती है। यह बिहार है जिसका जेपी और जिसका बापू के चंपारण सत्याग्रह के साथ गहरा संबंध है”। हरिवंश के उपसभापति चुने जाने के बाद कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि हरिवंश पूरी तरह से इस पद के लिए पात्र हैं। आजाद ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि वह सभापति की अनुपस्थिति में सदन की कार्यवाही पूरी निष्पक्षता से चलाएंगे। बता दें जेपी नड्डा ने हरिवंश के पक्ष में प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जिसका थावरचंद गहलोत ने समर्थन किया। जिसके बाद एनडीए के उम्मीदवार जदयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा का उपसभापति चुना गया। वहीं विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने आरजेडी के सांसद मनोज कुमार झा के पक्ष में प्रस्ताव आगे बढ़ाया था। जिसका समर्थन कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने किया था।