प्यारे मियां से उसके करीबियों ने दूरी बनाई, कोई भी थाने मिलने नहीं पहुंचा
भोपाल, 18 जुलाई। नाबालिगों से यौन शोषण के मुख्य आरोपी प्यारे मियां पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस उससे शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक पूछताछ करती रही, लेकिन वह ज्यादा कुछ नहीं बोला। सिर्फ इतना कहा- हां, पांच साल से लड़कियों के संपर्क में हूं। उनकी संख्या कितनी है, नहीं पता। इधर, अब प्यारे से उनके करीबियों ने भी दूरी बना ली है। पुलिस के अनुसार अब तक न तो किसी ने उससे मुलाकात की है और न ही उसने किसी से मिलने की इच्छा जताई। हालांकि, पूछताछ के दौरान आरोपी प्यारे ने कोई खास डिमांड नहीं की। इधर, शाहपुरा पुलिस ने दोपहर बाद उसके पांच आरोपी साथियों को रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेश कर दिया। इसमें दो महिलाओं समेत तीन को जेल भेज दिया है, जबकि दो अब रिमांड पर है
शाहपुरा पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद यौन शोषण मामले में प्यारे के साथियों राबिया बी, अनस खान, उवेश खान और स्वीटी उफ हम्प्टी विश्वकर्मा को कोर्ट में पेश कर दिया। उवेश की रिमांड 20 जुलाई तक बढ़ाई गई है, जबकि राबिया, अनस और स्वीटी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। इधर प्यारे को कार और 20 हजार रुपए देने वाले खुर्शीद आलम को भी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 21 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। खुर्शीद पर एमपी नगर में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।
जानकारी के अनुसार प्यारे के साथ मछली के ठेके में नीमच का ड्रग डीलर बाबू बिलौद पार्टनर रहा है। वह जेल में बंद है। उसका एक साथी करीब तीन साल पहले ईटखेड़ी में स्मलिंग के आरोप में पकड़ा गया था। उसके बाद पुलिस बाबू बिलौद तक भी पहुंच गई थी। अब पुलिस एक बार फिर इस मामले को लेकर प्यारे से पूछताछ कर सकती है। ऐसे में उसके ड्रग कनेक्शन को भी तलाशा जा रहा है। उससे अब तक एटीएस, और आईबी समेत अन्य सुरक्षा एजेंसी भी पूछताछ कर चुकी है।