Covid-19- क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप तय करेगा बाजार खोलने और बंद करने का समय और दिन
भोपाल, 16 जुलाई। प्रदेश में कोरोनावायरस अपने पैर धीरे-धीरे अब फैलाने लगा है। बुधवार को 735 नए केस सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 20 हजार के पार हो गई है। राज्य में 20378 मरीज हो गए हैं। ऐसे में शासन ने जिलों में दुकानें खोलने और बंद करने को लेकर निर्णय लेने का जिम्मा क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप को दे दिया है। उनकी सलाह पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सक्रिय केस की संख्या 5,562 हो गई है। सबसे ज्यादा सक्रिय केस 1265 इंदौर और भोपाल में 937 हैं। अब तक 14 हजार 127 लोग ठीक होकर घर पर लौट चुके हैं। गुरुवार को देर शाम जारी रिपोर्ट में इंदौर में 136, ग्वालियर में 121, भोपाल में 66 और जबलपुर में 50 नए केस सामने आए हैं। इंदौर और भोपाल में 2-2 मौतें भी हो गईं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए अच्छे प्रयास हुए हैं। सामाजिक स्तर पर विवाह समारोहों और पार्टी आयोजित करने जैसे कारणों से पॉजीटिव प्रकरण सामने आ रहे हैं, जिनके नियंत्रण के लिए शासकीय और सामाजिक दोनों स्तर पर सजग रहकर कार्रवाई की जाए। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क के उपयोग की सावधानी निरंतर बरतना है। पॉजीटिव प्रकरण आने की वजह समाप्त की जाए। शिवराज ने मंत्रालय से प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। गुरुवार को 12 हजार 5 99 सैंपल में से 11864 की रिपोर्ट निगेटिव आई। 735 पॉजिटिव पाए गए। कुल 62 सैंपल रिजेक्ट किए गए। एक दिन में 5.8% की दर से सैंपल पॉजिटिव आए।