गूगल करेगा भारत में 75 हजार करोड़ रू. का निवेश
नई दिल्ली, 13 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ आज वर्चुअल मीटिंग (वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग) की। प्रधानमंत्री ने इसकी जानकारी ट्वीट के जरिए दी। गूगल ने भारत में 75,000 करोड़ रुपए के निवेश की भी बात कही। मोदी ने ट्वीट करके लिखा, आज सुबह सुंदरपिचाई के साथ एक सफल बातचीत हुई। हमने भारत के किसानों, युवाओं और उद्यमियों के जीवन को बदलने के लिए टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।
गूगल फॉर इंडिया इवेंट में गूगल सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि भारत के डिजिटलीकरण के लिए गूगल कई घोषणा करने के लिए उत्साहित है। हम भारत में अगले 5-7 सालों में 75,000 करोड़ रुपए या 10 बिलियन डॉलर का निवेश करेंगे। ये निवेश इक्विटी इनवेस्टमेंट, पार्टनरशिप और ऑपरेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्मम से किया जाएगा।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि मुझे गूगल की ओर से कई सेक्टर में किए जा रहे कामों के बारे में पता चला। खासतौर पर एजुकेशन, लर्निंग, डिजिटल इंडिया, डिजिटल पेमेंट समेत कई सेक्टर में। पीएम मोदी ने लिखा, ‘सुंदर पिचाई से बातचीत के दौरान मैंने नई कार्य संस्कृति के बारे में बात की जो कोरोना के समय में उभर रही है। हमने उन चुनौतियों पर चर्चा की जो वैश्विक महामारी ने खेल जैसे क्षेत्रों में ला दी है। हमने डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में भी बात की।’