मंत्री तुलसी सिलावट की भी फिसली जुबान, विकास दुबे को जी कहकर संबोधित किया

इंदौर, 10 जुलाई। इंदौर सांसद और मप्र के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट की शुक्रवार को जुबान फिसल गई। सांसद ने जहां यूपी में 8 पुलिसवालों की हत्या के आरोपी विकास दुबे को दुबे जी कहकर संबोधित किया। इतना ही नहीं वे विकास की जगह संतोष दुबे भी कह गए। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मंत्री तुलसी सिलावट विकास दुबे की जगह गलती से प्रधानमंत्री, मप्र के मुख्यमंत्री और उप्र के मुख्यमंत्री को समाज के लिए कलंक कहते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि मंत्री ने इसे एडिट वीडियो बताकर ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
तुलसी सिलावट ने कहा देश के प्रधानमंत्री, मप्र के मुख्यमंत्री और उप्र के मुख्यमंत्री, ऐसे लोग समाज के लिए कलंक हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों के साथ क्या करना है। जो यह घटना घटी है वह हमारे समाज के लिए प्रेरणा भी है। जो ऐसे कृत्य करे, उसे सजा मिलनी चाहिए। हमारी सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्ती दिखाते हुए जिन्होंने अपराधी की गिरफ्तारी की है, उन्हें बधाई दी है। सरकार अपराधियों को कभी माफ नहीं करती।