‘मलाईदार विभागों’ की चाहत में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा नहीं हो पा रहा है: जीतू पटवारी
भोपाल, 10 जुलाई। मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की मौजूदा शिवराज सरकार मजबूत सरकार नहीं है और इसका उदाहरण यह है कि मुख्यमंत्री मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण भी नहीं कर पा रहे हैं। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने आज पत्रकारों से चर्चा में कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पहले मंत्रिमंडल का विस्तार करने में समय लगा और अब मंत्रियों को विभाग भी अपनी मर्जी से नहीं बांट पा रहे हैं।
पटवारी ने मीडिया में आ रही खबरों के हवाले से कहा कि ‘मलाईदार विभागों’ की चाहत के कारण मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण नहीं हो पा रहा है। जबकि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। विभाग नहीं बंट पाने के कारण प्रत्येक विभागों के काम प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा कि दस दिनों के अंदर विधानसभा का मानसून सत्र प्रारंभ हो रहा है। अभी तक वित्त मंत्री नहीं बना है और राज्य सरकार का बजट जनप्रतिनिधियों की बजाए अधिकारी बना रहे हैं। यह भी सरकार की अक्षमता का नमूना है।
शिवराज इधर-उधर की बातें न करें, किसानों का कर्ज माफ करें
जीतू पटवारी ने कहा कि शिवराज जी, इधर उधर की बात न करें और किसानों का कर्ज माफ करें..। आपने जब सत्ता पर कब्जा कर लिया तो फिर सरकार की योजनाओं पर क्यों नहीं..? किसानों की ऋणमाफी के मामले में राज्य सरकार पर गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की किसान ऋणमाफी योजना को बंद करने के बहाने ढूंढ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर किसी भी मंच पर उनसे बहस करने तैयार हैं।