राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी
नई दिल्ली, 21 जून। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर योग करते अपनी तस्वीर साझा की और लिखा, ‘ सब को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई! प्राचीन योग विज्ञान मानवता को भारत का अमूल्य उपहार है।’ उन्होंने लिखा, ‘मुझे प्रसन्नता है कि अधिकाधिक लोग योग को जीवन में अपना रहे हैं। संघर्ष व तनाव के बीच, विशेष रूप से कोविड-19 के इस दौर में, शरीर को स्वस्थ एवम् मन को शांत रखने में योगाभ्यास सहायक सिद्ध होगा’।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, ‘‘ योग तन, मन, कार्य, विचार तथा मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करने का एक माध्यम है। सम्पूर्ण मानवता को भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार को मोदी जी ने अपने प्रयासों से वैश्विक स्वीकृति प्रदान करवायी जिससे आज पूरे विश्व ने योग को अपनाया है। योग दिवस की शुभकामनाएँ। ’’ इक्कीस जून को हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है और दुनिया भर में लोग योगासनों का अभ्यास कर इस दिवस को मनाते हैं।
भारत में योग दिवस पर हर वर्ष राष्ट्रीय और राज्य स्तरों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है लेकिन इस बार कोरोना महामारी के कारण सार्वजनिक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया है। इस बार के योग दिवस का थीम ‘घर में योग, परिवार के साथ योग’ रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन पहले ही देशवासियों से अपील की थी कि वे पूरे उत्साह और उमंग के साथ योग दिवस मनायें लेकिन अपने घरों में ही रहकर अपने परिजनों के साथ योगासन का अभ्यास कर इस दिवस को मनायें।