आक्साइ चीन हमारा है, नेहरू जी ने 1963 में कहा था – राम माधव

नई दिल्ली, 7 जून। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कभी आरएसएस के प्रवक्ता रहे राम माधव ने कहा है कि आक्साईचीन और पीओके एक दिन हमारा होगा। राम माधव का यह बयान उस समय आया है जब लद्दाख में चीन ने घुसपैठ करने की कोशिश की है और सरहद के पास अपनी फौज तैनात कर रखी है जिसको लेकर चीन और भारत के बीच इन दिनों तनाव काफी बढ़ा हुआ है। राम माधव ने कहा कि अक्साइ चीन हमारा है, ये बात 1963 में नेहरू जी ने संसद में कही थी। तब से हम इस बात को भूले नहीं हैं, लेकिन रोज वहीं बात बार-बार नहीं कह रहे हैं।
उन्होंने ये भी कहा कि इसी तरह पीओके भी हमारा है और 1994 में नरसिम्हा राव ने तो संसद में इसे लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पेश किया था। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कई मौकों पर ये बात कह चुके हैं कि पीओके भारत का है। अगर बात की जाए पीओके और अक्साइ चीन पर कब्जा करने की तो इस पर राम माधव ने जम्मू कश्मीर की धारा 370 का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता था कि उनकी आंखों के सामने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई जा सकती है, लेकिन वह हट गई है। उन्होंने कहा कि वक्त आता है तो जो होना है वो हो जाता है। पीओके और अक्साइ चीन भी हमारा होगा, जब वक्त आएगा। हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि वह वक्त कब आएगा ना ही कोई संकेत दिया।
चीन की बदनीयती को देखकर और तनातनी के बीच भारत में लोगों के बीच ये भावना भी पैदा हो गई है कि चीन के सामान का बहिष्कार करना है। इसी बीच बीजेपी के महासचिव राम माधव ने एक टीवी चैनल पर सीमा पर तनाव को लेकर कुछ बातें कहीं हैं, जिसके दौरान ये भी साफ कर दिया कि पीओके और अक्साइ चीन हमारा है और जब सही वक्त आएगा तो वह हमारे कब्जे में भी होगा। चीन को लेकर इन दिनों भारत में लोग कह रहे हैं कि चीन के सामान का बहिष्कार करो, जिस पर राम माधव ने कहा कि ये सिर्फ जनता के मन की भावना है।