नए नियमों के साथ आज विमानों ने फिर भरी उड़ान

नई दिल्ली, 25 मई। कोरोना वायरस के चलते देशभर में लगे लॉकडाउन के कारण दो महीने तक रद्द रहने के बाद महामारी से बचाव के नए नियमों के साथ घरेलू यात्री विमान सेवा आज दोबारा शुरू हो गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली उड़ान सुबह 4.45 बजे रवाना हुई।

गौरतलब है कि देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-643 ने टर्मिनल-3 से पुणे के लिए उड़ान भरी। यह एयरबस का ए320 विमान है जिसके सुबह सात बजे पुणे पहुंचने की उम्मीद है। तय समय-सारणी के अनुसार, दिल्ली आने वाली पहली उड़ान स्पाइसजेट की एसजी-8194 होगी जो अहमदाबाद से आ रही है। इसके आने का समय सुबह 7.45 बजे है। इसके बाद सुबह 7.55 बजे लखनऊ से इंडिगो की 6ई-769 आएगी। Covid-19 का संक्रमण रोकने के लिए सरकार ने 25 मार्च से घरेलू यात्री उड़ानों को पूरी तरह बंद कर दिया था। अंतर्राष्ट्रीय यात्री उड़ानें 22 मार्च से ही बंद हैं। इस दौरान मालवाहक उड़ानों और विशेष अनुमति प्राप्त यात्री उड़ानों का परिचालन जारी था।