देश में कोरोना वायरस का प्रकोप बरकरार; 24 घंटों में 5,611 केस और 140 लोगों की मौत

नई दिल्ली, 20 मई।  देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड 19) का प्रकोप लगातार बरकरार है। देश में इस खतरनाक वायरस का फैलाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में रिकॉर्ड 5,611 मामले सामने आये है। इसके बाद मरीजों की संख्या 106750 पर पहुंच गयी है तथा इस दौरान महामारी से मरने वालों की संख्या 140 बढ़कर 3303 हो गयी।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह जारी आंकड़ के अनुसार पिछले 24 घंटे में 5,611 नये मामले आये जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 106750 पर पहुंच गयी। इससे एक दिन पहले 4970 नये मामले सामने आये थे। देश में इस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 140 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3303 हो गयी। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बावजूद एक सकारात्मक पक्ष यह भी है कि इस बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और पिछले 24 घंटों में 3124 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसके साथ स्वस्थ हुए लोगों की कुल संख्या 42,298 हो गयी है।