उत्तराखंड में 48 घंटे में किसी मरीज में कोरोना की पुष्टि नहीं, 342 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव
देहरादून, 6 मई। उत्तराखंड में बुधवार को भी कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला। इससे सरकार ने राहत की सांस ली है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि बुधवार को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज, एम्स ऋषिकेश और दून मेडिकल कॉलेज से कुल 342 सैंपल की रिपोर्ट आई जिसमें से किसी मरीज में भी कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि राज्य में अभी तक कुल 8346 मरीजों की कोरोना जांच हो चुकी है जिसमें से 7,698 मरीजों की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 61 मरीजों में कोरोना वायरस पाया गया है। युगल किशोर पंत ने बताया कि राज्य में 61 में से 39 कोरोना के मरीज ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। जबकि 21 मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि लैब से अभी 286 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। जबकि बुधवार को राज्य के अस्पतालों से कुल 143 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। सबसे अधिक 47 सैंपल देहरादून से, 40 नैनीताल से जबकि 36 यूएस नगर से जांच के लिए भेजे गए हैं। राज्य में कोरोना मरीजों के डबल होने की दर 47 दिन है और मरीजों के ठीक होने की दर 64 प्रतिशत पहुंच गई है।
राज्य के चार जिलों में अभी 11 हॉट स्पॉट बने हुए हैं। दून में सबसे अधिक सात, हरिद्वार में दो, नैनीताल और यूएस नगर जिले में एक एक हॉट स्पॉट हैं। हरिद्वार में पिछले 18 दिन से, नैनीताल में 12, यूएस नगर जिले में चार व दून में पिछले दो दिन से कोई कोरोना पॉजीटिव मरीज नहीं मिला है।