भाजपा का दावा 48 लाख 98 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया

नई दिल्ली, 25 अप्रैल। कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न हुए इस विषम परिस्थिति में प्रतिदिन दिल्ली में योद्धाओं की तरह भाजपा कार्यकर्ता सेवा परमो धर्मः के संकल्प के साथ दिल्ली में रह रहे जरूरतमंद,गरीब, दिहाड़ी मजदूर की सहायता कर रहे हैं। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा कार्यकर्ता भोजन व राशन किट का प्रतिदिन वितरण कर रहे हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने आज विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राशन वितरण कार्यों की समीक्षा की।
प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान किसी जरूरी सामान के लिए गरीब और जरूरतमंद लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। प्रदेश भाजपा ने पूरी व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि राशन व आवश्यक चीजों का वितरण निरंतर किया जा रहा है। खाद्य सामग्री की कमी नहीं है। लाॅकडाउन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हर रोज गरीबों व जरूरतमंद लोगों को फूड पैकेट्स बांटे जा रहे हैं।
साथ ही प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक खाने की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा सफाई कर्मियों को भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सेनेटाइजर इत्यादि की सहायता भी मुहैया करवाई जा रही है। कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने बताया कि दैनिक रिपोर्ट के अनुसार इस कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कुल मिलाकर अब तक दिल्ली में 48 लाख 98 हजार 363 लोगों तक खाद्य सामग्री एवं भोजन पहुंचाया जा चुका है।