CM नितीश को लेकर लालू यादव का तंज- इस बार जनता इनके सारे भूत-प्रेत छुड़ा देगी

पटना,03 जनवरी।   एक जनवरी को सीएम नीतीश कुमार ने नव वर्ष की बधाई देने आए लोगों को कई तरह के राजनीतिक किस्से सुनाए। पटना के 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से जुड़ा एक वाकया भी उन्होंने सुनाया जो काफी सुर्खियों में आ गया। उन्होंने कहा था कि जब वे वर्ष 2006 में सीएम आवास रहने आते थे तो आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी सह पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, दोनों सएम आवास के आवासीय परिसर से दो फीट मिट्‌टी तक ले गए थे।
ये क्यों किया गया था इसके बारे में उन्होंने आरजेडी चीफ के हवाले से कहा था कि एक दिन लालू यादव ने हंसते हुए कहा था कि वहब सीएम हाउस में भूत छोड़कर आए हैं। इस पर सीएम नीतीश ने अपने जवाब में कहा था कि टोना-टोटका, अंधविश्वास, ये सब बेकार की बातें हैं। इस बात का जवाब लालू यादव के करीबी राजद नेता शिवानंद तिवारी ने देते हुए कहा था कि आपने तो लालू के लिए मारक पूजा करवाई थी। अब इस मामले पर स्वयं लालू यादव भी मैदान में आ गए हैं।
लालू यादव के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया गया है जिसमें लिखा है, इस बार जनता कसके वोट की झाड़-फूंक से इनके सारे भूत-प्रेत छुड़ा देगी। विकराल बेरोजग़ारी, महंगाई, ध्वस्त विधि व्यवस्था, बदहाल शिक्षा व्यवस्था और घूसख़ोरी जैसे सतही भूत-प्रेती और डरावने मुद्दों की बात नहीं करके छलिया लोग जनता को भ्रमित करने के लिए भुतही बातें कर रहे हैं।