नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर भ्रम दूर करने भाजपा चलायेगी अभियान

भोपाल, 23 दिसंबर।  सोमवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में प्रदेश प्रवक्ता, पार्टी एवं मोर्चा के मीडिया प्रभारी, मीडिया पेनालिस्ट एवं सोशल मीडिया प्रभारियों की कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, वरिष्ठ नेता  लालसिंह आर्य, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय, आईटी विभाग के संयोजक ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति करती आयी है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने और जनता तक अधिनियम की वास्तविकता पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 1 से 15 जनवरी के बीच अभियान प्रारंभ करेगी।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने वर्ग विशेष को अपना वोट बैंक मानने वाली कांग्रेस को खत्म होते जनाधार को लेकर चिंता है और यही कारण है कि वह भ्रम का वातावरण पैदा कर रही है। लेकिन हमें सजगता के साथ जनता तक तर्क और तथ्य के आधार पर वास्तविकता पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि जो भाषा पाकिस्तान के नेता बोलते है, वही भाषा कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी बोलती है। इस बात से स्पष्ट है कि कांग्रेस की मानसिकता कैसी है ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीएए को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। लेकिन उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं हो पायेंगे। रामेश्वर शर्मा ने बताया कि पार्टी 1 जनवरी से जनजागरण अभियान चलायेगी। जिसमें हमारी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अभियान के माध्यम से मध्यप्रदेश के 5 लाख परिवारों से डोर टू डोर संपर्क होगा। हिन्दू, बौद्ध, जैन, सिख, ईसाई और पारसी इन सभी वर्गो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अधिनियम के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने के पत्र लिखे जायेंगे।