राजकोट : मासूम से दुष्कर्म के आरोपी ने कहा-अपना केस मैं खुद लड़ूंगा

राजकोट, 03 दिसंबर ।  दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर साेमवार को उसे कोर्ट में पेश किया। जब जज ने पूछा कि आरोपी का वकील कौन है, तब आरोपी ने कहा-मैं अपना मुकदमा खुद लड़ूंगा। उस वक्त कोर्ट में 250 से अधिक वकील मौजूद थे। सभी ने उसका केस लड़ने से मना कर दिया था। मासूम को हवस का शिकार बनाने वाला भारत गनर -8 का हरदेव मशरू मांगरोलिया को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद उसे रिमांड की मांग के साथ सोमवार को करीब दो बजे जज डी.डी. ठक्कर की कोर्ट में पेश किया था। आरोपी बिना वकील के कोर्ट में पेश हुआ था। तब नियमानुसार जज ने उसके वकील के बारे में पूछा था। उसके लिए वकील की नियुक्ति को लेकर जज ने लीगल सेल को इसकी जानकारी दी। इस पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बकुल राजानी ने सभी वकीलों को इकट्ठा किया। वहां यह प्रस्ताव पारित किया गया कि आरोपी का मुकदमा कोई वकील नहीं लड़ेगा। इसकी जानकारी जज को भी दे दी गई। वकीलों के इस फैसले से कोर्ट रूम का माहौल गरमा गया था। उधर वकीलों ने मांग की है कि इस मामले को फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाया जाए, जिसकी पेशी रोज होनी चाहिए।
गुजरात में इन दिनों मासूमों से होने वाली ज्यादतियों के मामले से पूरा राज्य आक्रोशित है। सूरत-राजकोट में आरोपियों की धरपकड़ की गई है। वडोदरा में आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस पर गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने बताया कि तीनों मामलों में पीड़िताओं को स्पेशल पब्लिक प्रोसीक्यूटर(वकील) देगी। केस को फास्ट ट्रेक मोड पर चलाया जाएगा। इसके लिए पैरवी आफिसर की सेवा के लिए राज्य सरकार गुजरात हाईकोर्ट से अनुरोध करेगी। आरोपी की 14 दिनों की रिमांड के साथ पुलिस ने उसे मांगरोलिया कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की रिमांड दी। दूसरी ओर राज्य में हड़कम्प मचाने वाले इस मामले में आरोपी की सूचना देने वाले को 45 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। यह राशि पुलिस को मिल गई है। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं ने भी इनाम रखे थे, जिसे मिलाकर कुल राशि 70 हजार रुपए हुई। ये राशि मासूम के परिवार वालों को दे दी गई। पुलिस मासूम के लिए खिलौने भी ले गई थी।