राममंदिर: अयोध्या मामले की जल्द सुनवाई के लिए अर्जी

दिल्ली, 10 जुलाई।  अयोध्या में राम मंदिर विवाद के मुद्दे की जल्द सुनवाई हो इसके लिए एक बार फिर सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई की अर्जी डाली गयी है। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई, न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता और न्यायमूर्ति अनिरूद्ध बोस की तीन सदस्यीय खंडपीठ से विशारद की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पी एस नरसिम्हा ने इस मामले का उल्लेख करते हुये कहा कि मालिकाना हक के इस विवाद को शीघ्र सुनवाई के लिये न्यायालय में सूचीबद्ध किये जाने की आवश्यकता है।

नरसिम्हा ने कहा कि तीन सदस्यीय समिति को न्यायालय द्वारा सौंपे गये भूमि विवाद के इस मामले में अधिक कुछ नहीं हो रहा है। इस पर पीठ ने जानना चाहा कि क्या आपने शीघ्र सुनवाई के लिये आवेदन किया है। इस पर नरसिम्हा ने सकारात्मक जवाब दिया। इससे पहले मामले की शीघ्र सुनवाई का अनुरोध करते हुये मंगलवार को उच्चतम न्यायालय में एक आवेदन दायर किया गया। वादकार गोपाल सिंह विशारद का कहना है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश एफ एम आई कलीफुल्ला की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति में बहुत कुछ नहीं हो रहा है।