गौर नदी को जीवन देने विधायक एवं स्थानीय जनों ने चलाए फावड़े
जबलपुर। कभी तेज धूप तो कभी बादलों की लुकाछिपी। मिट्टी खोदने, तगाड़ियां ढोने और मिट्टी को बोरियों में भरने के काम में पसीना बहाते लोग। और थके हुए लोगों में नया जोश भरते हुए भारत माता की जय, नर्मदा मैया की जय, जल की रक्षा कौन करेगा-हम करेंगे, हम करेंगे जैसे नारे।
यह दृश्य था ग्राम पड़वार में गौर नदी के मुहाने पर चल रहे जल रक्षा अभियान का। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद राकेश सिंह की पहल पर शुरू किए गए इस पांच दिवसीय अभियान के तीसरे दिन विधायक सुशील तिवारी इन्दू एवं विधायक अशोक रोहाणी के नेतृत्व में गौर नदी की धारा को अविरल बनाने पत्थर जमाने एवं बोरी बंधान का काम हुआ। इस दौरान आम लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों के साथ मिलकर जनप्रतिनिधियों ने भी फावड़े चलाए, तगाड़ियां भरीं।
अभियान के तीसरे दिन नदी पर श्रमदान से बनाए जा रहे बोरी बंधान के लिए बोरियों में मिट्टी भरने का काम हुआ। प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर सैकड़ों नागरिकों, ग्रामीणों, समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया जिसमें आसपास के गाँवो से लोग अपने अपने तस्सल, गैंती फावड़े, बोरे लेकर वहां पहुंचे हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह के अनुरोध पर कई लोगों ने अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली, खुदाई की मशीनें भी पहुंचाई हैं।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष जी.एस.ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश पटैल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डे, नरेन्द्र त्रिपाठी, रानू तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।