रजिस्ट्रार जनरल के साथ आई.जी. इंटेलीजेंस ने उच्च न्यायालय परिसर के सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
जबलपुर 18 जून। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश श्री जस्टिस आर.एस. झा के निर्देश पर आज मंगलवार को भोपाल से आये पुलिस महानिरीक्षक (इंटेलिजेंस) श्री योगेश चौधरी ने रजिस्ट्रार प्रशासन श्री सतीश चन्द्र राय एवं रजिस्ट्रार श्री सनत कश्यप के साथ उच्च न्यायालय परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया । इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर श्री विवेक शर्मा एवं कलेक्टर श्री भरत यादव भी मौजूद थे ।
भ्रमण के दौरान उच्च न्यायालय के सभी प्रवेश द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई । प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्केनर लगाने एवं सुरक्षा जांच के बाद ही आगंतुकों को प्रवेश दिये जाने की बात कही गई । इस दौरान उच्च न्यायालय के रिकार्ड रूम की अग्निशमन व्यवस्था को अपग्रेड करने की आवश्यकता बताई गई तथा उच्च न्यायालय परिसर में फायर ब्रिगेड वाहन को तैनात करने का निर्णय लिया गया । कचहरी वाले बाबा की दरगाह के पीछे खाली मैदान पर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी इस दौरान दिये गये ।
भ्रमण के दौरान बताया गया कि उच्च न्यायालय परिसर की सुरक्षा इंतजामों को लेकर जल्दी ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जायेगी और इसे रजिस्ट्रार जनरल को आगे की कार्यवाही के लिए सौंपा जायेगा ।