पत्र सौंपकर किसानों ने दिया प्रधानमंत्री को धन्यवाद

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने कैबिनेट की पहली ही बैठक में किसानों के हित में कई निर्णय लिए हैं। प्रदेश के किसानों ने इन किसान हितैषी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कृषि मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर को धन्यवाद दिया है। सोमवार को प्रदेश भर के किसानों ने अपने सांसदों को प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर को संबोधित पत्र सौंपे।

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के अपने अभियान के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के दायरे में देश भर के किसानों को शामिल करने एवं किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन देने के लिए योजना शुरू किए जाने की घोषणाएं की थीं। इन घोषणाओं पर अमल करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अपनी पहली ही बैठक में सभी किसानों को किसान सम्मान निधि योजना में शामिल करने एवं 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों, छोटे दुकानदारों, श्रमिकों के लिए पेंशन योजना के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्रिमंडल के इन निर्णयों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के किसानों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर को धन्यवाद दिया है। इसके लिए प्रदेश भर के किसानों ने सोमवार को स्थानीय सांसदों को धन्यवाद पत्र सौंपे।
मोदी सरकार ने लिया ऐतिहासिक फैसला : राकेश सिंह
जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  राकेशसिंह को जिले के कुंडम एवं सिहोरा में किसानों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर को संबोधित धन्यवाद पत्र सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित किसानों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को संबोधित करते हुए श्री राकेशसिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में लिए गए ये फैसले ऐतिहासिक देश के अन्नदाताओं एवं व्यापारियों के हित में हैं। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने निर्णयों के माध्यम से देश के विकास तथा आम आदमी के साथ किसानों, व्यापारियों के उत्थान के लिये अपनीं मंशा जाहिर कर दी है।