विपक्ष पर मोदी कि “सर्जिकल स्ट्राइक”, “राष्ट्रवाद” का विजय
News 24 Team–23 May — इस समय एक गाना वायरल हो रहा है जिसे कई समाचार चैनल भी अब जोर-शोर से चला रहे हैं, वह है- “आ रहें हैं भगवाधारी, शुरू करो राजतिलक की तैयारी। पीछे बैक ग्राऊंड बज रहा है जय श्रीराम जय श्रीराम। जी हां यह तो गाना है लेकिन इस समय लोकसभा चुनावों की जो मतगणना चल रही है उसमें एनडीए गठबंधन को तकरीबन 350 सीट से ज्यादा की रूझान दिखाई दे रहे हैं जबकि भाजपा अपने दम पर अकेले 300 के आंकड़े के पास जाती दिखाई दे रही है।
मतगणना के रुझानों के आधार पर चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, उनकी सरकार के पिछले पांच साल के कार्यों और चुनाव प्रचार अभियान का नतीजा माना जा रहा है। चुनाव प्रचार राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रवाद के इर्द-गिर्द रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार कांग्रेस पार्टी की वंशानुगत विरासत पर निशाना साधा। विपक्ष ने भाजपा पर ध्रुवीकरण और बांटने वाली राजनीति के आरोप लगाते हुए हमला बोला।
मतगणना के रुझानों के अनुसार, मोदी लहर के साथ-साथ पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की चुनावी रणनीति ने भौगोलिक और जातीय, उम्र, लिंग जैसे समीकरणों को मात देते हुए उनका सफाया किया है। गुजरात की गांधीनगर सीट से अमित शाह 3,81482 मतों से आगे चल रहे हैं। मोदी के गृहराज्य में भाजपा 2014 के अपने प्रदर्शन को दोहराती हुई दिख रही है जब उसने सभी 26 सीटें जीती थी।
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में जहां समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन को एक कड़ी टक्कर के तौर पर पेश किया जा रहा था, वहां 80 लोकसभा सीटों में से 58 पर भाजपा आगे चल रही है। जबकि सपा 6 सीटों पर और बसपा 12 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 71 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
अगर मौजूदा रुझान अंतिम परिणामों में परिवर्तित हुए तो भाजपा 2014 के अपने प्रदर्शन में सुधार कर ज्यादा सीटें जीतती दिख रही है। 2014 में भाजपा ने लोकसभा की 543 सीटों में से 282 सीटें जीती थीं। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 2014 की 336 सीटों के मुकाबले 343 सीटों पर काबिज होता दिख रहा है।
चुनाव रुझानों का बाजार ने भी स्वागत किया है। बीएसएसी सेंसेक्स ने पहली बार 40 हजार की ऊंचाई को छुआ वहीं एनएसई के निफ्टी ने 12 हजार के स्तर को पार किया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया भी 14 पैसे मजबूत होकर 69.51 पैसे पर रहा।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। सुषमा ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी – भारतीय जनता पार्टी को इतनी बड़ी विजय दिलाने के लिए आपका बहुत बहुत अभिनन्दन । मैं देशवासियों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करती हूँ । ’’ इस तरह लोकसभा चुनावों में लगातार दूसरी बार ‘ प्रचंड मोदी लहर’ पर सवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रिकॉर्ड सीटों के साथ केंद्र की सत्ता पर काबिज होने जा रही है।