प्रधानमंत्री का कांग्रेस पर आरोप, कभी जवानों का सिर कटवाने वाले अब वोट काटने उतरे

देवरिया , 12 May  — लोकसभा चुनाव 2019 के 5 चरणों का चुनाव समाप्त हो चूका है आज एक तरफ जब छठे चरण का चुनाव चल रहा है दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलिया कर रहे। अपनी चुनावी रैलीओ में साथ साथ विपक्ष पर भी जमकर हमला बोल रहे है। कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा कि कभी जवानों का सिर कटवाने वाले अब वोट काटने उतरे हैं। प्रियंका गांधी ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं, जहां वे बीजेपी के वोट काटेंगे।
इस दौरान भगोड़े उद्योगपति विजय माल्या का नाम लिए बगैर पीएम ने कहा, सोचिए एक भ्रष्टाचारी बैंकों से और सरकार में बैठे हुए लोगों की मदद से हमारे देश के गरीबों का 9 हजार करोड़ रुपये का घोटाला करके भागा था। आपके इस चौकीदार ने, वह जितने रुपये लेकर भागा था, उससे सवा गुना कीमत की उसकी संपत्ति जब्त कर ली है।
देवरिया में कांग्रेस, एसपी और बीएसपी को निशाने पर लेते हुए पीएम ने कहा कि इन महामिलावटी लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। पीएम ने कहा कि ये लोग दिल्ली में सिर्फ इसलिए सरकार बनाना चाहते हैं ताकि उनके परिवारों और उनके करीबियों को फिर से लूट-खसोट करने का लाइसेंस मिल सके। पीएम ने कहा, कोई कोयला खाएगा, कोई सेना के साजो-सामान में लूट करेगा। यहां तो ऐसे लोग हैं जो ईंट-पत्थर, बालू-रेत, और यहां तक की टोंटी तक को नहीं छोड़ते।
देवरिया में कांग्रेस पर बरसते हुए मोदी ने कहा, कांग्रेस चाहती है कि भारत के टुकड़े-टुकड़े होने का नारा लगाने वाले, मां भारती को गाली देने वाले, नक्सलियों को मदद देने वाले, हमारे वीर जवानों को पत्थर मारने वाले मौज में रहें। कांग्रेस चाहती है कि जान हथेली पर रखने वाले हमारे वीर जवान, कोर्ट कचहरी में केस भुगतते रहें। पर, हम ऐसा नहीं होने देंगे। आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए पीएम ने कहा, आतंक से निपटना एसपी और बीएसपी के बस की बात नहीं है। आज 8 लोग चुनाव लड़ रहे हैं, वह भी कहते हैं हम प्रधानमंत्री बनेंगे। 20 सीटों पर लड़ने वाले भी प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। ये वे हैं जो गली के गुंडे तक पर लगाम नहीं लगा पाते, आतंकवाद पर क्या लगाम लगाएंगे?