बहुमत से पीछे रह सकती भाजपा – राम माधव
नई दिल्ली/जम्मू , 6 May –
सियासी गलियारों में राम माधव के बयान के बाद अटकलो ने जोर पकड़ लिया है। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा की सरकार बनने को लेकर और उसमे भी भाजपा को बहुमत मिलने को लेकर पहले से काफी अटकले लगाई गई है।

केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव ने कहा है कि, इस लोकसभा चुनाव में भाजपा बहुमत से पीछे रह सकती है। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब खुद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली जैसे तमाम नेता दावा कर रहे हैं कि पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल कर लेगी। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव के इस बयान के साथ ही इन चुनावों में पहली बार गठबंधन का मुद्दा उठा है। एक इंटरव्यू में राम माधव ने कहा, अगर हम अपने दम पर 271 सीटें हासिल कर लेते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा।
उन्होंने कहा, एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलेगा। राम माधव ने कहा कि बीजेपी को उत्तर भारत के उन राज्यों में संभावित तौर पर नुकसान हो सकता है जहां 2014 में रिकॉर्ड जीत मिली थी। दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों और ओडिशा व पश्चिम बंगाल में पार्टी को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अगर हम सत्ता में लौटे तो विकास परक नीतियों को आगे बढ़ाएंगे।
पाकिस्तान के मुद्दे पर राम माधव ने कहा कि, उन्हें आतंकवाद से लड़ाई में ईमानदारी दिखानी चाहिए। मैं ऐसा इसलिये कह रहा हूं क्योंकि लोकसभा चुनाव नतीजों के तीन सप्ताह के अंदर ही एससीओ (संघाई कॉपरेशन ऑर्गेनाइजेशन) की समिट है। इस समिट में पीएम मोदी और पाकिस्तानी पीएम इमरान खान आमने-सामने होंगे। पाकिस्तान के पास यह एक मौका है। अगर वे अगले एक महीने के अंदर कुछ ठोस कदम उठाते हैं तो रिश्तों में सुधार की संभावना है।